कृषि कार्य के दौरान करंट से दो युवकों की मौत
| Aug 22, 2026, 17:44 IST
जोधपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। देचू उपखंड क्षेत्र के भोजाकौर गांव में कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना ट्यूबवेल पर लॉरिंग मशीन से काम करते समय हुई।
पुलिस ने बताया कि नेपाल प्रजापत (19) और मलूराम प्रजापत (23) ट्यूबवेल पर लॉरिंग मशीन के साथ काम कर रहे थे। लॉरिंग मशीन को ऊपर उठाते समय उसकी पिन निकल गई। इसके कारण मशीन ऊपर से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गई और उसमें करंट फैल गया। करंट लगने से नेपाल और मलू राम की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन उन्हें तुरंत देचू उप जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पीलवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

