नहाने गए दो मासूम दोस्तों की डूबने से मौत
भीलवाड़ा, 09 मई (हि.स.)। भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित कुंवाड़ा खान इलाके में शनिवार को दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। गर्मी से राहत पाने के लिए नाड़ी में नहाने गए दो मासूम दोस्त गहरे पानी में समा गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार कुंवाड़ा खान क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी अब्बास (12) पुत्र जाकिर हुसैन और अल्तमस (14) पुत्र जब्बार मोहम्मद शनिवार दोपहर करीब दो बजे घर से नहाने के लिए निकले थे। दोनों बच्चे कुंवाड़ा खान की नाड़ी पर पहुंचे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह नाड़ी उनकी जिंदगी का आखिरी ठिकाना बन जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बच्चे नाड़ी के गहरे हिस्से में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों की नजर नाड़ी के बाहर पड़े बच्चों के कपड़ों और चप्पलों पर पड़ी। लोगों ने बच्चों को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले गए। इसके बाद उन्हें तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। रोते-बिलखते परिजनों का दर्द देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस ने दोनों शव अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाए, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया। इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। सुभाष नगर थाने के हेड कॉन्स्टेबल राजेंद्र पाल ने बताया कि दोनों बच्चे नाड़ी में नहाने गए थे और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

