home page

खजूर उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन व विपणन पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार सम्पन्न

 | 
खजूर उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन व विपणन पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार सम्पन्न


बीकानेर, 25 मार्च (हि.स.)। उद्यान विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजनान्तर्गत स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास निदेशालय सभागार में खजूर उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन व विपणन के अवसर एवं संभावनाएं विषय पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय सेमिनार सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह सेमिनार उद्यान विभाग, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय तथा केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

दो दिवसीय सेमिनार के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत, विशिष्ठ अतिथि निदेशक डीएचआरडी, डॉ एच एल देशवाल तथा विशेष अतिथि सीआईएएच खजूर विशेषज्ञ डॉ. रामकेश मीणा व कीट वैज्ञानिक एसकेआरएयू डॉ बीडीएस नाथावत अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि जिले में खजूर क्षेत्र विस्तार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बीकानेर को खजूर हब के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जाने चाहिए। निदेशक डीएचआरडी डॉ एच एल देशवाल ने खजूर क्षेत्र विस्तार की सम्भावनाओं पर प्रकाश डाला। कीट वैज्ञानिक एसकेआरएयू डॉ बीडीएस नाथावत ने खजूर में लगने वाली कीट व्याधियों के नियंत्रण उपाय के बारे में विस्तार से बताया।

सीआईएएच खजूर विशेषज्ञ डॉ. रामकेश मीणा ने खजूर उत्पादन, विभिन्न किस्मों के साथ ही खजूर पैकेज आफ प्रेक्टिस के बारे में विस्तार से बताया। सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने बताया कि खजूर क्षेत्र विस्तार की सम्भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत खजूर फल बगीचा स्थापना पर किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान उद्यान विभाग द्वारा उपलब्ध करवाया जा रहा है। सेमिनार में दो दिवस में आयोजित 10 तकनीकी सत्रों में काफी बड़ी संख्या में युवा प्रगतिशील नवाचारी उद्यान किसानों ने भाग लिया व विस्तृत चर्चा की। सभी प्रतिभागी किसानों को अतिथियों द्वारा सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उद्यान विभाग से कृषि अधिकारी जोधराज कालीरावणा ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में उद्यान विभागीय अधिकारी सेमिनार संयोजक रमेश भाम्भू, लक्ष्मण सिंह शेखावत, अनिरूद्ध, पुष्पेन्द्र सिंह, धर्मपाल, बनवारीलाल सैनी, करणीदान इत्यादि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव