दो दिवसीय राष्ट्रीय आयुर्वेद कार्यशाला शुक्रवार से काेटा में
काेटा, 21 मई (हि.स.)। जिला मुख्यालय पर दो दिवसीय ऐतिहासिक आयुर्वेद कार्यशाला राजकीय वैध दाऊदयाल जोशी आयुर्वेद महाविद्यालय कोटा के धन्वंतरि सभागार में शुक्रवार से आयोजित हाेगी। कार्यशाला में देश भर से 400 से अधिक चिकित्सक आयुर्वेद की प्राचीन विद्या क्षारकर्म एवं विद्धकर्म का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे तथा स्त्री रोग एवं चर्म रोगों के कारण एवं स्थाई समाधान की बारीकियों को समझेंगे।
विश्व आयुर्वेद परिषद, चिकित्सक प्रकोष्ठ राजस्थान के प्रदेश प्रभारी एवं आयोजन अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह शेखावत व आयोजन अध्यक्ष डॉ निरंजन गौतम ने बताया कि आयुर्वेद चिकित्सकों को व्यवहारिक एवं साक्ष्य आधारित क्लिनिकल कौशल से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
संगठन महासचिव डॉ. विनोद गौतम ने बताया कि कार्यशाला के मुख्य वक्ता डॉ योगेश वाने, दो सिद्धेश्वर साथूआ उज्जैन चर्म एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ अनंत ए. पंडिया क्षारकर्म विशेषज्ञ तथा डॉ अनमोल उत्तम बनसोडे विद्दकर्म विशेषज्ञ होंगे।
कार्यशाला के आयोजन सचिव एवं प्रांत प्रभारी चित्तौड़ डॉ.संजय नागर ने बताया कि इस क्लिनिकल कार्यशाला में चर्म एवं स्त्री रोगों पर विषय विशेषज्ञ डॉक्टर्स का व्याख्यान तथा विद्दकर्म एवं क्षारकर्म द्वारा जटिल बीमारियों से पीड़ित रोगियों का लाइव उपचार किया जाएगा। नेजल पोलिप एवं नाक के बढ़े हुए मांस का बिना सर्जरी क्षार कर्म से उपचार, आयुर्वेद की प्राचीन विद्या विद्दकर्म से माइग्रेन, साइटिका, सर्वाइकल, स्लिप डिस्क, नसों का दबाव, फ्रोजन शॉल्डर, टेनिस एल्बो, साइनुसाइटिस, अस्थमा, इनफर्टिलिटी, पीसीओडी, एलोपेसिया, सेरिब्रल पाल्सी, एवीएन एवं अन्य वात व्याधियों के उपचार का प्रशिक्षण चिकित्सकों को दिया जाएगा।
कार्यशाला के संरक्षक डॉ नित्यानंद शर्मा ने बताया कि यह कार्यशाला चिकित्सकों के कौशल विकास की दृष्टि से अतिमहत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
संगठन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि विश्व आयुर्वेद परिषद राजस्थान चिकित्सकों के कौशल विकास एवं आयुर्वेद के पचार प्रसार हेतु न केवल संपूर्ण राजस्थान में बल्कि वैश्विक स्तर पर व्यापक रूप से कार्य कर रहा है। संगठन कार्यशालाओं से प्रशिक्षण प्राप्त कर अनेकों चिकित्सक देश भर में आज रोगियों को बेहतर सेवा प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर महेश व्यास, विद्यार्थी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ किशोरी लाल शर्मा, विश्व आयुर्वेद परिषद के प्रदेश प्रभारी डॉ रामतीर्थ शर्मा, चिकित्सक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सह प्रभारी डॉ. बाबू लाल बराला, विश्व आयुर्वेद परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा, संगठन उपाध्यक्ष डॉ. निरंजन गौतम, प्रदेश महासचिव डॉ. विनोद कुमार गौतम, चिकित्सक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी डॉ. पवन सिंह शेखावत, जयपुर प्रांत संयोजक डॉ. जगदीश राजावत, चितौड़ प्रांत संयोजक डॉ. संजय नागर, जोधपुर प्रांत संयोजक डॉ. रिड़मल सिंह राठौड़, प्रदेश संपर्क प्रमुख डॉ.महेश इन्द्रा, प्रदेश सचिव डॉ. ऋषि तिवाड़ी सहित कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आयोजन समिति में चित्तौड़ प्रांत के 50 से अधिक संगठन कार्यकर्ताओं की शसक्त टीम कार्यशाला की व्यवस्था देख रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

