home page

जोधपुर में भी ट्रकों का चक्काजाम, ट्रांसपोर्ट सर्विस बंद

 | 
जोधपुर में भी ट्रकों का चक्काजाम, ट्रांसपोर्ट सर्विस बंद


जोधपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। पूरे प्रदेश मे चल रहे ट्रकों के चक्काजाम के समर्थन में आज से जोधपुर में भी ट्रक ऑपरेटर्स हड़ताल पर उतर आए। इसके साथ ही ट्रकों में जाने वाले पार्सल और सामान की बुकिंग भी बंद कर दी गई। केवल उन ट्रकों से सामान उतारा जा रहा है, जिनका ई-वे बिल 13 जुलाई का बना हुआ है। हड़ताल के लिए जोधपुर ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति भी बनाई गई है। हड़ताल के चलते ट्रांसपोर्ट नगर में एक भी सामान की लोडिंग नहीं हुई। ऑपरेटर्स ने अपनी दुकानों पर ताले लगाकर प्रदर्शन किया।

दरअसल प्रदेश के कॉमर्शियल व्हीकल में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) लगाने को लेकर ट्रांसपोर्टर्स और परिवहन विभाग के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। ट्रक ऑपरेटर्स का कहना है कि हम ट्रैकिंग डिवाइस लगाने को तैयार हैं, लेकिन सरकार से जिन कंपनियों का एमओयू हुआ है, वह 10 गुना महंगे हैं। जबकि ऐसे ही डिवाइस मार्केट में 4 से 5 हजार रुपए में मिल रहे है।

इधर, ट्रैकिंग डिवाइस नहीं लगे होने की वजह से कई ट्रक के परमिट रिन्यू और फिटनेस तक भी अटक चुके हैं।जोधपुर गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के सचिव प्रवीण कुंभट ने बताया कि जोधपुर आरटीओ में करीब 50 हजार से ज्यादा ट्रक रजिस्टर्ड है। इससे करीब 3 हजार से ज्यादा ऑपरेटर्स जुड़े हुए है, सभी हड़ताल पर आ गए है। एसोसिएशन के जॉइंट सक्रेटरी मुकेश चौधरी ने बताया कि जो डिवाइस मार्केट में पांच हजार में मिल रहे है, उन्हीं के सरकार और विभाग 35 हजार ले रही है। ऐसे में मांग है कि हमें इसमें रियायत दी जाए।

प्रतिदिन 50 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस प्रभावित

जोधपुर में इस हड़ताल का असर देखने को मिला। जोधपुर ट्रांसपोर्ट से रोजाना करोड़ों की बिलिंग होती है। एक अंदाज के मुताबिक करीब 50 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस प्रभावित होगा। हड़ताल की घोषणा के चलते बुधवार को ट्रांसपोर्ट नगर के किसी भी ऑफिस से लोडिंग सामान की न तो बिलिंग हुई और न ही सामान लोड किया गया। ऑपरेटर्स का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती वे हड़ताल पर रहेंगे। इसके लिए एसोसिएशन के ऑफिस के पास ही बने एक पार्क में टैंट भी लगाया गया है, जहां सभी ऑपरेटर्स धरने पर बैठे। इसके साथ ही सभी ट्रकों और गाडिय़ों पर अनिश्चितकाली हड़ताल के पोस्टर भी लगाए गए है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश