ट्रक की टक्कर से महिला की मौत: भतीजा-भतीजी घायल
जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। दौलतपुरा टोल प्लाजा से पहले शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा और भतीजी घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
हेड कांस्टेबल गणेश के अनुसार विश्वकर्मा के 14 नंबर निवासी सरोज (45) शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे अपने भतीजे निशांत (18) और भतीजी आरती (26) के साथ बाइक पर अमरसर स्थित काली माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। बाइक निशांत चला रहा था। दौलतपुरा टोल प्लाजा से पहले तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों उछलकर सड़क पर गिर गए और घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और टोल एंबुलेंस की मदद से तीनों को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सरोज को मृत घोषित कर दिया। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

