home page

स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 10 बच्चे घायल, पांच की हालत गंभीर

 | 
स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 10 बच्चे घायल, पांच की हालत गंभीर


बाड़मेर, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां नेशनल हाईवे-25 पर बच्चों को स्कूल ले जा रही बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बस को करीब 50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

हादसा बायतु पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब आठ बजे हुआ।

घटना के बाद मौके पर बच्चों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। बायतु थानाधिकारी मनोहर विश्नोई ने बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की बस में कुल 36 बच्चे सवार थे। बस बच्चों को घरों से लेकर स्कूल जा रही थी, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे अंदर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से बस का हिस्सा तोड़ा गया।

स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। हादसे में 10 बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत बायतु अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बालोतरा के नाहटा अस्पताल रेफर किया गया। बाकी बच्चों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार घायल बच्चों को सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ बच्चों के दांत टूटने और फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

ट्रक में गुड़ भरा हुआ बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं परिजनों में भी बच्चों की हालत को लेकर चिंता बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित