home page

कांग्रेस ने इंदिरा गांधी और सरदार पटेल को अर्पित की श्रद्धांजलि

 | 
कांग्रेस ने इंदिरा गांधी और सरदार पटेल को अर्पित की श्रद्धांजलि


जोधपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। शहर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।

जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संजय गौड में बताया कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

दोनों महान नेताओं का जीवन राष्ट्रसेवा, साहस, समर्पण और देश की एकता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उनके विचार और आदर्श सदैव देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे।

इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। पुष्पांजलि कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री रमेश बोराणा, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश जोशी, जगदीश सांखला, अंजुला रोपीया, महेंद्र मेवाड़ा, चंद्रप्रकाश, हेमा भाटी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश