हड़ताल में शहीद हुए रेलकर्मियों को दी श्रद्धांजलि
जोधपुर, 08 मई (हि.स.)। नार्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन कार्यशाला शाखा जोधपुर द्वारा शुक्रवार को गेट मीटिंग का आयोजन रखा गया। गेट मीटिंग में आठ मई 1974 की रेल हड़ताल के दौरान शहीद हुए कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी गई।
सभा में एनडब्ल्यूआरइयू के मंडल सचिव व जोनल अध्यक्ष मनोज सिंह परिहार ने कहा कि 8 मई 1974 की रेल हड़ताल भारतीय श्रमिक आंदोलन के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। यह आंदोलन रेलवे कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मानजनक कार्य-स्थितियों, उचित वेतन एवं श्रमिक एकता के लिए किया गया था। वक्ताओं ने बताया कि लाखों रेलवे कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज़ बुलंद की थी, जिससे आंदोलन की दिशा तय हुई।
सभा को संबोधित करते हुए शाखा सचिव मदनलाल गुर्जर ने कहा कि 1974 की रेल हड़ताल हमें एकता, संगठन और संघर्ष की प्रेरणा देती है। कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की मजबूती एवं आपसी भाईचारा अत्यंत आवश्यक है। अध्यक्ष लाखन सिंह, सहायक सचिव इन्द्रजीत शर्मा व यूथ अध्यक्ष नवीनसिंह ने भी संबोधित किया। सभा में मण्डल अध्यक्ष महेन्द्र व्यास, अशोक मेड़तिया, परमानंद गुर्जर, बन्ने सिंह, विक्रम मांगलिया, राकेश बोड़ा, हीरनाथ गोस्वामी, कैलाश शर्मा विजय शंकर दुबे, ओम पुरी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

