home page

जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय वीर नायकों के शौर्य, संघर्ष एवं बलिदान का किया स्मरण

 | 
जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय वीर नायकों के शौर्य, संघर्ष एवं बलिदान का किया स्मरण


जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय वीर नायकों के शौर्य, संघर्ष एवं बलिदान का किया स्मरण


उदयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय बाप्परावल सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा सहित देशभर के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष, सामाजिक जागरण एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विपुल भाई पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, तपस्या, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत प्रेरणा है। मात्र 25 वर्ष के अल्पायु जीवन में उन्होंने अंग्रेजी शासन, शोषण और अन्याय के विरुद्ध जिस साहस एवं स्वाभिमान के साथ संघर्ष किया, वह सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक, आध्यात्मिक चिंतक और जनजातीय समाज के जागरण के अग्रदूत थे।

उन्होंने बिरसा मुंडा के बाल्यकाल, सामाजिक परिस्थितियों, अंग्रेजों द्वारा जनजातीय समाज की पारंपरिक भूमि व्यवस्था को समाप्त करने के प्रयासों तथा मिशनरियों के प्रभाव का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार बिरसा मुंडा ने अपनी संस्कृति, धर्म और समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने 'बिरसाइत पंथ' के माध्यम से समाज में नशामुक्ति, स्वच्छता, सदाचार, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरण का संदेश दिया।

विपुल भाई ने कहा कि बिरसा मुंडा का उद्घोष 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' अर्थात हमारा देश, हमारा राज, स्वशासन और स्वाभिमान की भावना का प्रतीक है। उनके नेतृत्व में हुआ उलगुलान अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जनजातीय समाज के अदम्य साहस और संघर्ष का ऐतिहासिक उदाहरण है। डोम्बारी पहाड़ी का बलिदान और बिरसा मुंडा का जीवन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली अध्याय हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम की गाथा केवल झारखंड तक सीमित नहीं है। तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, वीर नारायण सिंह, अल्लूरी सीताराम राजू, रानी गाइदिन्ल्यू और अनेक जनजातीय वीर नायकों ने देश की स्वतंत्रता, संस्कृति और स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

राजस्थान की वीरभूमि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुआ भगत आंदोलन जनजातीय समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरण का महत्वपूर्ण अध्याय है। 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ पहाड़ी पर अंग्रेजी सेना की गोलियों से शहीद हुए हजारों जनजातीय वीरों का बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक एवं राष्ट्रीय तीर्थ के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस महान बलिदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि आज भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता है। जनजातीय समाज को केवल कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में देखना चाहिए। समाज में स्वदेशी, स्वाभिमान, नशामुक्ति, सामाजिक समरसता और प्रकृति संरक्षण की भावना को मजबूत करना होगा। उन्होंने 'तू-मैं एक रक्त' के भाव को आत्मसात करते हुए राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. थावरचंद डामोर ने की। मुख्य अतिथि समर्थ लाल परमार रहे। विशिष्ट अतिथियों में रामचन्द्र खराड़ी, कुलदीप कटिजा, महावीर खराड़ी, केशुलाल मीणा एवं डॉ. प्रेमशंकर मीणा सहित समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए उपसमितियों का गठन किया गया था। अतिथियों के स्वागत-सत्कार, मंच सजावट, बैठक, चाय-नाश्ता, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं में कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में भगवान बिरसा मुंडा एवं समस्त जनजातीय वीर बलिदानियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता