गोवा से छुड़ाए गए आदिवासी बच्चों को उदयपुर लाए, सांसद मन्नालाल रावत ने जताई मानव तस्करी और धर्मांतरण नेटवर्क की आशंका
उदयपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। गोवा से छुड़ाए गए सात आदिवासी बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम उदयपुर लेकर पहुंची। बच्चों के उदयपुर पहुंचने के बाद सांसद मन्नालाल रावत ने एक वीडियो जारी कर मामले को गंभीर बताते हुए मानव तस्करी और धर्मांतरण से जुड़े नेटवर्क की आशंका जताई तथा इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
सांसद रावत ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आदिवासी बच्चों को मुफ्त शिक्षा का लालच देकर राजस्थान से बाहर ले जाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को अवैध रूप से तमिलनाडु ले जाने की तैयारी थी और इस प्रकार की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। रावत ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय नेटवर्क की गतिविधियों की गहन जांच आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि ऋषभदेव थाना क्षेत्र के कानूवाड़ा में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। सांसद के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विभिन्न राज्यों और नेपाल से जुड़े लोग भी शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोग आदिवासी क्षेत्रों में रहकर स्थानीय लोगों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
सांसद ने कहा कि डूंगरपुर और बांसवाड़ा क्षेत्रों में भी पूर्व में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर कार्रवाई का आग्रह किया है।
जानकारी के अनुसार बाल कल्याण समिति की टीम दो दिन पहले गोवा पहुंची थी और वहां से सात बच्चों को सुरक्षित छुड़ाकर उदयपुर लाई। इनमें दो लड़कियां और पांच लड़के शामिल हैं, जिनकी आयु 7 से 12 वर्ष के बीच बताई गई है। बताया जा रहा है कि बच्चों को पहले बस के माध्यम से अहमदाबाद और फिर ट्रेन से गोवा ले जाया गया था। आगे उन्हें तमिलनाडु ले जाने की तैयारी थी, लेकिन रेलवे पुलिस और संबंधित एजेंसियों की सतर्कता से बच्चों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां बच्चों को बाहर ले जाने के उद्देश्य तथा पूरे नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

