home page

सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत है 9वें जीएसटी दिवस की थीम

 | 
सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत है 9वें जीएसटी दिवस की थीम


जयपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 1 जुलाई को जीएसटी दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 में जीएसटी दिवस की 9वीं वर्षगांठ सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत विषय के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर वाणिज्यिक कर विभाग की मुख्य आयुक्त आनंदी के नेतृत्व में कर भवन, मुख्यालय सहित विभाग के समस्त फील्ड कार्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया।

मुख्य आयुक्त श्रीमती आनंदी ने कहा कि जीएसटी ने देश में एकीकृत एवं पारदर्शी कर व्यवस्था स्थापित कर व्यापार सुगमता को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि कर प्रशासन को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं करदाता-अनुकूल बनाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है। साथ ही, वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक हैं।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। विभाग ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश