home page

आयुर्वेदिक पद्धति से 172 रोगी लाभांवित, स्वास्थ्य परीक्षण

 | 
आयुर्वेदिक पद्धति से 172 रोगी लाभांवित, स्वास्थ्य परीक्षण


जोधपुर, 17 मार्च (हि.स.)। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविन्द सहाय शुक्ल की प्रेरणा से संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय द्वारा मधुमेह जागरूकता अभियान के तहत बावड़ी तहसील के बिराई ग्राम में द्वितीय दिवस पर नि:शुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. ए. नीलिमा तथा स्वस्थवृत विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ ब्रह्मानंद शर्मा ने बताया कि शिविर सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 172 रोगियों का पंजीकरण कर उनकी स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक उपचार एवं नि:शुल्क औषधि वितरण किया गया।

चिकित्सकों द्वारा रोगियों को उनके स्वास्थ्य के अनुसार आहार-विहार, दिनचर्या एवं जीवनशैली से संबंधित व्यक्तिगत परामर्श भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर जन-जागरूकता के लिए विभिन्न विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए गए।

डॉ भानुप्रिया चौधरी ने मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार आदि से बचाव के उपाय बताते हुए प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के आयुर्वेदिक तरीकों की जानकारी दी। डॉ रामेश्वर डूडी ने ऋतुचर्या के महत्व को समझाते हुए बताया कि बदलते मौसम के अनुसार दिनचर्या एवं आहार में परिवर्तन करना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। डॉ सूरज चौधरी, डॉ सविता बिश्नोई ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश