मावली जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैवल हेल्प डेस्क शुरू
उदयपुर, 05 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सूचना व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मावली जंक्शन पर ‘ट्रैवल हेल्प डेस्क’ का संचालन शुरू कर दिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा स्थापित यह ‘यात्री सहायता और सूचना कियोस्क’ यात्रियों को एक ही स्थान पर यात्रा, पर्यटन और स्थानीय परिवहन से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि इस कियोस्क के संचालन के लिए उदयपुर की फर्म ‘मैसर्स गोपाल टूर’ को अनुबंध प्रदान किया गया है। यह अनुबंध तीन वर्ष की अवधि, अप्रैल 2026 से अप्रैल 2029 तक प्रभावी रहेगा। कियोस्क को स्टेशन परिसर में प्रमुख स्थान पर 10 फीट गुना 6 फीट के निर्धारित आकार में स्थापित किया गया है, ताकि यात्रियों को आसानी से इसकी सेवाएं मिल सकें।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, फर्म द्वारा इस कियोस्क के संचालन के एवज में प्रतिवर्ष लगभग 60 हजार रुपये का लाइसेंस शुल्क रेलवे को दिया जाएगा, जिससे गैर-किराया राजस्व में भी वृद्धि होगी। साथ ही फर्म को सभी सुरक्षा मानकों, अग्नि सुरक्षा नियमों और अनुबंध की शर्तों का पूर्णतः पालन करना अनिवार्य होगा।
इस नई सुविधा के माध्यम से यात्रियों को ट्रेन समय सारिणी, टिकट संबंधी मार्गदर्शन, पर्यटन स्थलों की जानकारी तथा स्थानीय परिवहन विकल्पों के बारे में सहायता मिलेगी। विशेष रूप से मावली जंक्शन पर आने वाले पर्यटकों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित होगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस नवाचार को शुरू करने में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मावली विकाश मीणा के विशेष प्रयास रहे हैं। ट्रैवल हेल्प डेस्क की शुरुआत से यात्रियों को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा और स्टेशन पर उनकी यात्रा और अधिक सुगम हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

