home page

ट्रैवल एजेंट्स ने हेरिटेज वॉक के जरिए जाना जोधपुर का इतिहास

 | 
ट्रैवल एजेंट्स ने हेरिटेज वॉक के जरिए जाना जोधपुर का इतिहास


जोधपुर, 22 सितम्बर (हि.स.)। मारवाड़ ट्रैवल मार्ट में भाग लेने देशभर से आए 120 से अधिक ट्रैवल एजेंट्स और ट्रैवल मीडिया ने आज हेरिटेज वॉक के माध्यम से जोधपुर की समृद्ध विरासत, पारंपरिक खान-पान, स्थापत्य कला और ब्लू सिटी की संस्कृति को करीब से जाना। हेरिटेज वॉक के लिए प्रतिभागियों को 10 समूहों में विभाजित किया गया तथा प्रत्येक समूह के साथ एक प्रशिक्षित गाइड मौजूद रहा।

वॉक की शुरुआत सुबह 6.30 बजे घंटाघर से हुई। यात्रा के दौरान ट्रैवल एजेंट्स और ट्रैवल मीडिया ने त्रिपोलिया क्षेत्र का भ्रमण किया और जोधपुर के प्रसिद्ध स्थानीय स्वाद का आनंद लेते हुए मोट की जलेबी तथा चतुर्भुज के गुलाब जामुन का जायका लिया।

इसके बाद प्रतिभागी पचेतीया हिल पहुंचे, जहां से उन्होंने शहर के विहंगम दृश्य का आनंद लिया। ब्लू सिटी की गलियों, पारंपरिक मकानों और दीवारों पर उकेरे गए आकर्षक चित्रों ने सभी का ध्यान खींचा। प्रतिभागियों ने इन खूबसूरत स्थानों पर तस्वीरें और सेल्फी लेकर जोधपुर की विशिष्ट पहचान और विरासत को अपने अनुभवों में संजोया। हेरिटेज वॉक आगे माणक चौक पहुंची, जहां ट्रैवल एजेंट्स और ट्रैवल मीडिया ने राजू नमकीन की प्रसिद्ध प्याज कचौरी और मिर्ची बड़ा का स्वाद लिया। इसके बाद रास हवेली में नाश्ते के साथ हेरिटेज वॉक का समापन हुआ।

जीवंत संस्कृति की सराहना की

देश के विभिन्न हिस्सों से आए ट्रैवल एजेंट्स ट्रैवल मीडिया ने जोधपुर की ऐतिहासिक वास्तुकला, पारंपरिक खान-पान, संकरी विरासत गलियों, ब्लू सिटी के अनूठे स्वरूप और जीवंत संस्कृति की सराहना की।

उन्होंने कहा कि इस तरह के अनुभव पर्यटकों को केवल शहर देखने का अवसर नहीं देते, बल्कि उन्हें जोधपुर की वास्तविक जीवनशैली, स्वाद और संस्कृति से भी जोड़ते हैं। ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ जोधपुर के अध्यक्ष गजराज सिंह ने कहा कि इस हेरिटेज वॉक का उद्देश्य देशभर के ट्रैवल एजेंट्स एवं ट्रैवल मीडिया को जोधपुर के उन विशेष अनुभवों से परिचित कराना था, जिन्हें वे आगे अपने पर्यटकों और यात्रा कार्यक्रमों में शामिल कर सकें। इससे जोधपुर को एक समृद्ध हेरिटेज, फूड और एक्सपीरियंस टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश