home page

जेडीए की ऑनलाइन सेवाओं में बढ़ेगी पारदर्शिता, अब आवेदकों को एसएसओ आईडी पर दिखेगी फाइल

 | 
जेडीए की ऑनलाइन सेवाओं में बढ़ेगी पारदर्शिता, अब आवेदकों को एसएसओ आईडी पर दिखेगी फाइल


जयपुर, 13 मई (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने आमजन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक हितैषी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। अब जेडीए की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े आवेदनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा की गई नोटिंग सीधे आवेदकों को उनके एसएसओ आधारित जेडीए सर्विस डैशबोर्ड पर दिखाई देगी।

जेडीए द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह नई व्यवस्था 1 जून 2026 से लागू होगी। इसके तहत ई-पट्टा, फ्री होल्ड ई-पट्टा, नामांतरण, सबडिवीजन, रिकॉन्स्टिट्यूशन और वन टाइम लीज सर्टिफिकेट (ओटीएलसी) जैसी प्रमुख सेवाओं से संबंधित आवेदनों की कार्रवाई और नोटिंग ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।

जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि यह पहल प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और आमजन को उनकी फाइल की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आवेदकों को यह स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी कि उनके प्रकरण में किस स्तर पर क्या कार्रवाई की गई है और किन नियमों एवं प्रावधानों के आधार पर निर्णय लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी तथा प्रक्रिया को समझना आसान हो जाएगा। इसके साथ ही प्रशासनिक जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नोटिंग करते समय संबंधित नियमों और प्रावधानों का स्पष्ट उल्लेख करें। साथ ही भाषा को सरल, तथ्यात्मक और शिष्ट रखा जाए, ताकि आमजन को पूरी प्रक्रिया समझने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश