पुलिस महकमे में बदलाव: जयपुर कमिश्नरेट में चार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तों के तबादले
जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सरकार के गृह विभाग ने सोमवार को एक आदेश जारी कर पुलिस बेड़े में प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी इन आदेशों के तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में चार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तों (एडीसीपी) के स्थानांतरण और पदस्थापन किए गए हैं। इस बदलाव का मुख्य केंद्र यातायात शाखा और मुख्यालय उत्तर रहे हैं।
वरिष्ठ शासन उप सचिव (पुलिस) रत्नेश कुमार शर्मा द्वारा जारी इन आदेशों के अनुसार एसओजी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हरिप्रसाद सोमानी को अब अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात (उत्तर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चतुर्थ बटालियन आरएसी के कमांडेंट समीर कुमार को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, यातायात (पश्चिम) के पद पर तैनात किया गया है।
पीसीपीएनडीटी इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हेमन्त कुमार जाखड़ अब अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, यातायात (पूर्व) के रूप में कार्यभार संभालेंगे औरयातायात शाखा (उत्तर) में कार्यरत सरिता बड़गुर्जर का तबादला कर उन्हें अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय-उत्तर) पुलिस आयुक्तालय जयपुर के पद पर नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ शासन उप सचिव (पुलिस) रत्नेश कुमार शर्मा द्वारा जारी इन आदेशों में सभी अधिकारियों को अपने नवीन पदस्थापन स्थान पर तुरंत प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस फेरबदल से शहर की यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज में नई ऊर्जा देखने को मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

