आईसीटी लैब के प्रभावी संचालन पर प्रशिक्षण शुरू
जोधपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जोधपुर में आज आईसीटी लैब के प्रभावी संचालन हेतु तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रासंगिक बनाना है।
कार्यक्रम की शुरुआत डाइट प्राचार्य भरत कुमार पारीक के उद्बोधन से हुई। उन्होंने अपने संबोधन में आधुनिक शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों का सही उपयोग विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बना सकता है। शैक्षिक प्रौद्योगिकी विभाग के प्रभागाध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर सोलंकी ने प्रशिक्षण सत्र में आईसीटी लैब संचालन के कई मुख्य बिंदुओं पर व्यापक और तकनीकी चर्चा की।
उन्होंने लैब के नियमित उपयोग, रखरखाव और सुरक्षा प्रोटोकॉल की प्रक्रिया को गहनता के साथ समझाया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व स्मार्ट क्लासरूम के उपयोग से शिक्षण को अधिक रोचक और इंटरैक्टिव बनाना की पूरी प्रक्रिया को चरण डर चरण समझाया। इसके साथ साथ उन्होंने पर्सनलाइज्ड एडेप्टिव लर्निंग के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता के अनुसार शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की रणनीति को साझा किया।
कार्यक्रम का संचालन स्टेट रिसोर्स पर्सन शेखर पुरोहित द्वारा किया गया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित संभागियों को विभिन्न तकनीकी एवं शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से वार्ता प्रदान की और आईसीटी के व्यावहारिक प्रयोग के गुर सिखाए। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक एवं आईसीटी प्रभारी भाग ले रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

