home page

प्रशिक्षु आईएएस ने किया निफ्ट का अवलोकन

 | 
प्रशिक्षु आईएएस ने किया निफ्ट का अवलोकन


जोधपुर, 09 मार्च (हि.स.)। लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ़ एडमिनिस्ट्रेशन के 2025 बैच के आईएएस अधिकारी प्रशिक्षुओं के दल ने विंटर स्टडी टूर के तहत सोमवार को वस्त्र मंत्रालय के राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर में विजिट किया। इस दौरान संस्थान के निदेशक प्रो. जीएचएस प्रसाद ने सभी आईएएस प्रशिक्षुओं को पीपाड़ के दाबू प्रिंट से बना स्टॉल, उस्ता के स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

इस मौके पर सभी आईएएस प्रशिक्षुओं को राजस्थान के क्राफ्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। निफ्ट के डायरेक्टर प्रो. जीएचएस प्रसाद ने संस्थान के अत्याधुनिक प्रयोग और नवाचारों के बारे में अवगत कराते हुए संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों के द्वारा तैयार किए गए राजस्थान रॉयल्स क्रिकेट टीम की जर्सी और पार्लियामेंट के मार्शल्स के लिए बनाए परिधानों के बारे में भी बताया।

प्रसाद ने कहा कि प्रशिक्षुओं ने डाइंग प्रिंटिंग की बारीकियां भी सीखी और फैशन डिजाइन विभाग, कम्युनिकेशन विभाग, टैक्सटाइल विभाग का दौरा किया। इसके बाद जोधपुरी बंधेज की प्रोसेस का समझाने के लिए विशेष डेमोस्ट्रेशन किया गया। जिसमें नेशनल अवॉर्डी मो. शरीफ ने जोधपुरी बंधेज के बारे में जानकारी देते हुए प्रशिक्षुओं को भी अपने हाथ से बंधेज को बांधना और डाई करना सीखाया।

आईएएस प्रशिक्षु अरविंद और सौम्या ने बताया कि जोधपुरी बंधेज देश-विदेश में लोकप्रिय है, निफ्ट जोधपुर में आर्टिजन से बंधेज के काम को अपने हाथों से करना सभी साथियों के लिए नया अनुभव रहा है, हम सभी को अपने देश की अमूल्य शिल्पकला को संजोने की जरूरत है।

निफ्ट के स्टूडेन्ट्स के द्वारा शिल्पकला के विकास के लिए तैयार की जा रहे रिसर्च दस्तावेज काफी महत्वपूर्ण है। इस मौके पर संयुक्त निदेशक डॉ जन्मय सिंह हाडा, सीएसी डॉ. अदिति मेडतिया, सीआईसी डॉ. अंकुर सक्सेना, डॉ. रूचि खोलिया सहित सभी फैकल्टी मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश