home page

ओवरस्पीडिंग, ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला ट्रैफिक पुलिस का डंडा

 | 
ओवरस्पीडिंग, ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला ट्रैफिक पुलिस का डंडा


ओवरस्पीडिंग, ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला ट्रैफिक पुलिस का डंडा


ओवरस्पीडिंग, ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला ट्रैफिक पुलिस का डंडा


जयपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। राजधानी में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देश पर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन में मोटर यान अधिनियम (संशोधित 2019) के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और वाहन स्वामियों पर कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के पर्यवेक्षण और पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के निर्देशन में चल रहे अभियानों में ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, अवैध पार्किंग, लेन सिस्टम, ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर सहित विभिन्न उल्लंघनों को निशाना बनाया गया है।

पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने बताया कि 2 जुलाई 2026 से शुरू किए गए विशेष अभियान में 52,368 प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इनमें तेज गति से वाहन चलाने के 19,744, राष्ट्रीय व राज्य मार्गों पर अवैध पार्किंग के 15,880, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने के 11,682 तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के छह लेन/एक्सप्रेसवे पर लेन सिस्टम का उल्लंघन करने के 5,062 मामले शामिल हैं।

पेंडिंग चालान रखने और बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 8 से 14 जुलाई 2026 तक विशेष जब्ती अभियान चलाया गया। इस दौरान 244 वाहन जब्त किए गए। इनमें 74 बस/ट्रक, जिन पर कुल 2,072 पेंडिंग चालान, 24 कार/जीप/एसयूवी, जिन पर 122 चालान और 8 ऑटो/ई-रिक्शा, जिन पर 175 पेंडिंग चालान थे। इसके अलावा अन्य श्रेणी के 137 वाहन भी जब्त किए गए।

कार्रवाई में 86 पेंडिंग चालान वाली राजस्थान लोक परिवहन बस और 67 पेंडिंग चालान वाली राजस्थान लोक परिवहन बस भी जब्त की गईं। इसके अलावा 52 पेंडिंग चालान वाली लोक परिवहन बस RJ12PA9978, 45 चालान वाली बस RJ32P43769, 36 चालान वाली टूरिस्ट बस, 20 चालान वाला टाटा ट्रक तथा 18 चालान वाला ऑटो/लोडिंग वाहन भी कार्रवाई की जद में आए।

इसके बाद 1 से 18 सितंबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में यातायात पुलिस ने 57,704 प्रवर्तन कार्रवाई की। इस दौरान ओवरस्पीडिंग के 14,043, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने के 12,617, वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने के 588, मॉडिफाइड साइलेंसर और नियम विरुद्ध बदलाव वाले 475 तथा बिना नंबर प्लेट या निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले 217 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने वाहनों के शीशों पर अवैध रूप से ब्लैक फिल्म लगाने और तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ भी अभियान तेज किया है। अधिकारियों के अनुसार ऐसे वाहनों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बिना नंबर प्लेट अथवा नियमों के विपरीत नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन भी पुलिस के निशाने पर हैं।

डीसीपी यातायात योगेश गोयल ने बताया कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्वयं और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों को चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे मामलों में संबंधित जिला परिवहन अधिकारी को ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र निलंबित या निरस्त करने की अनुशंसा भेजी जाएगी।

यातायात पुलिस ने वाहन स्वामियों से पेंडिंग चालानों का समय पर निस्तारण करने की अपील की है। वाहन स्वामी परिवहन विभाग के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर अपने चालान देख सकते हैं। कोर्ट में भेजे गए चालानों का निस्तारण वर्चुअल कोर्ट की वेबसाइट अथवा ई-मित्र के माध्यम से किया जा सकता है। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश