home page

नो-एंट्री में दौड़ रहे भारी वाहनों पर जयपुर पुलिस का हंटर: 17 डंपर-मिक्सर और ट्रक जब्त

 | 
नो-एंट्री में दौड़ रहे भारी वाहनों पर जयपुर पुलिस का हंटर: 17 डंपर-मिक्सर और ट्रक जब्त


जयपुर, 11 जून (हि.स.)। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नो-एंट्री क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 17 वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों में सीमेंट-कंक्रीट मिक्सर, डंपर, ट्रोला और ट्रक शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश पर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात पूर्व के पुलिस निरीक्षक राज किरण के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने एनआरआई चौराहा, जवाहर सर्किल और हनुमान तिराहा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान नो-एंट्री क्षेत्र में संचालित भारी वाहनों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि कई वाहन चालक निर्धारित मार्ग और समय सीमा की अनदेखी कर शहर के व्यस्त मार्गों पर वाहन चला रहे थे। यातायात पुलिस ने ऐसे 17 वाहनों को जब्त कर लिया।

जब्त वाहनों में 10 सीमेंट-कंक्रीट मिक्सर, तीन डंपर, दो ट्रोला और दो ट्रक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन वाहनों द्वारा लगातार नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि कई वाहनों के पूर्व के यातायात चालान भी लंबित थे।

बार-बार नियमों की अवहेलना और लापरवाहीपूर्ण तरीके से वाहन संचालन को देखते हुए पुलिस ने वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की। यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में भारी वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित मार्ग और समय सीमा तय की गई है तथा इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

डीसीपी यातायात योगेश गोयल ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश