जयपुर के 24 स्थानों पर लगेगा आईपी आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम
जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। राजधानी में यातायात प्रबंधन और जनसंचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सुशासन, सुरक्षित यातायात एवं स्मार्ट शहरी विकास के विजन तथा नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में शहर के 24 प्रमुख स्थानों पर आईपी (इंटरनेट प्रोटोकॉल) आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इस प्रणाली के जरिए आमजन तक यातायात और आपातकालीन सूचनाएं रीयल टाइम में पहुंचाई जाएंगी।
जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि इस परियोजना के तहत स्थानों का चयन जयपुर नगर निगम और यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर किया गया है। संपूर्ण प्रणाली का संचालन अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से केंद्रीकृत रूप से होगा, जिससे शहरभर में त्वरित और प्रभावी सार्वजनिक सूचना प्रसारित की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में त्रिमूर्ति सर्किल, रामबाग चौराहा, जगतपुरा स्थित 7 नंबर बस स्टैंड, सोफिया स्कूल (घाटगेट), श्री पिंजरापोल गौशाला, जवाहर सर्किल (जेएलएन मार्ग), एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सामने तथा नगर निगम परिसर सहित आठ स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित कर बुधवार से इसका संचालन शुरू कर दिया गया है। आगामी चरणों में शेष स्थानों पर भी यह सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
इस आधुनिक प्रणाली के माध्यम से यातायात जाम, मार्ग परिवर्तन, दुर्घटना, आपातकालीन परिस्थितियों और अन्य यातायात संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं आमजन तक तुरंत पहुंचाई जा सकेंगी। साथ ही सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी इसी माध्यम से किया जाएगा।
जेडीए के अनुसार यह पहल स्मार्ट सिटी अवसंरचना का प्रभावी उपयोग करते हुए नागरिक सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने, सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने तथा शहर में एकीकृत डिजिटल संचार प्रणाली विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से आमजन तक समय पर और विश्वसनीय सूचना पहुंचाना जेडीए की प्राथमिकता है। यह प्रणाली यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाएगी और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सूचना प्रसारण का सशक्त माध्यम बनकर नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

