home page

जयपुर में एसएमएस स्टेडियम में आईपीएल मैच के दौरान रहेगा ट्रैफिक में बदलाव

 | 
जयपुर में एसएमएस स्टेडियम में आईपीएल मैच के दौरान रहेगा ट्रैफिक में बदलाव


जयपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार को होने वाले आईपीएल टी-20 मुकाबले के मद्देनज़र शहर में व्यापक यातायात व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। शाम 7:30 बजे राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले मैच को देखते हुए बड़ी संख्या में दर्शकों की आवाजाही की संभावना है, जिसके चलते जयपुर पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। मैच समाप्ति तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।

यातायात डायवर्जन व्यवस्था यूनिवर्सिटी गेट से टोंक रोड की ओर आने वाले सामान्य यातायात को जनता स्टोर से डायवर्ट किया जाएगा। टोंक रोड पर अधिक दबाव होने की स्थिति में गांधीनगर मोड़ से गांधी सर्किल तथा आरबीआई कट से गणेश मंदिर की ओर यातायात मोड़ा जाएगा। जेडीए चौराहे से रामबाग की ओर जाने वाले वाहनों को गांधी सर्किल और त्रिमूर्ति सर्किल की ओर भेजा जाएगा। स्टेच्यू सर्किल से पोलो सर्किल और पंकज सिंघवी मार्ग से विधानसभा तिराहे के बीच का यातायात भी आवश्यकतानुसार समानांतर मार्गों से संचालित किया जाएगा।

रोडवेज और सार्वजनिक परिवहन: मैच के दौरान रोडवेज बसों का संचालन नारायण सिंह तिराहा, पृथ्वीराज टी-पॉइंट, पृथ्वीराज रोड, स्टेच्यू सर्किल, पार्क प्राइम और चोमू हाउस चौराहा मार्ग से किया जाएगा। नो-पार्किंग और पार्किंग व्यवस्था : सवाई मानसिंह स्टेडियम के आसपास का पूरा क्षेत्र नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। दर्शकों के लिए अलग-अलग गेट के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की गई है

कैब और वैलेट सुविधा: डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल के अनुसार मैच के दौरान वैलेट पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। ओला, उबर और रैपिडो के लिए अमरूदों का बाग, सुबोध स्कूल और एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड पर पिकअप-ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस को निर्बाध आवाजाही की अनुमति रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश