बीकानेर की सामाजिक संस्कृति और भाईचारे के प्रतीक हैं पारंपरिक धूने, होलिका दहन तक रहेंगे अनवरत जारी
बीकानेर, 25 नवंबर (हि.स.)। अलमस्त मिजाज, जीवंत संस्कृति और अनूठी परंपराओं के लिए प्रसिद्ध बीकानेर शहर में सर्दियों की दस्तक के साथ ही पारंपरिक धूने जलने शुरू हो गए हैं। बीकानेर में धूना महज सर्दी से बचाव के लिए जलाया जाने वाला अलाव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, आत्मीयता और सामूहिक सहभागिता का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। सदियों से चली आ रही यह परंपरा शहर के सामाजिक जीवन को एक विशेष पहचान देती है।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए किकाणी व्यासों के चौक स्थित भैरू जी मंदिर के पास धूने का शुभारंभ कोलायत मेले के अवसर पर किया गया। धूना संचालक बाबा छोटू नाथ (भरत व्यास) ने बताया कि यह धूना होलिका दहन तक अनवरत रूप से जारी रहेगा।
धूने का सामाजिक महत्व केवल इसकी आंच तक सीमित नहीं है। सर्द रातों में धूने के चारों ओर बैठने वाले लोगों के बीच न कोई छोटा होता है, न बड़ा और न ही कोई सामाजिक भेदभाव। यहां हर व्यक्ति को बैठने, बातचीत करने और अपने विचार साझा करने का समान अवसर मिलता है। धूना एक ऐसा साझा मंच बन जाता है, जहां बुजुर्गों के अनुभव नई पीढ़ी तक पहुंचते हैं, पुराने मित्रों का मिलना होता है और नई पीढ़ी को शहर की संस्कृति, रीति-रिवाजों एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
धूने के आसपास सजने वाली महफिलें आपसी संवाद और मेल-मिलाप को बढ़ावा देती हैं। यहां दिनभर की भागदौड़ के बाद लोग कुछ पल सुकून के बिताते हैं। सामाजिक चर्चाएं, हंसी-मजाक, लोक संस्कृति की बातें और पुराने संस्मरण इन बैठकों को जीवंत बनाते हैं। कई बार सामाजिक समस्याओं पर चर्चा होती है और आपसी सहयोग से उनके समाधान के रास्ते भी निकलते हैं। इस प्रकार धूना समाज को जोड़ने, रिश्तों में गर्माहट बनाए रखने और सामुदायिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बनता है।
धूने के संचालन एवं व्यवस्था में भंवर लाल व्यास, इंद्र कुमार हर्ष, प्रदीप रंगा, बलभेष व्यास, गोर्धन व्यास (लब सा), सिनिया महाराज, अरुण जोशी, गणेश मास्टर, श्याम व्यास, विकास व्यास एडवोकेट, नंद किशोर व्यास, गिरिराज व्यास एवं मास्टर राजा कृष्ण मुरारी व्यास सहयोग कर रहे हैं।
बीकानेर की ऐसी परंपराएं यह संदेश देती हैं कि आधुनिकता के दौर में भी सामाजिक जुड़ाव और सामूहिक जीवन का महत्व कम नहीं हुआ है। धूने की लौ केवल लकड़ियों को नहीं जलाती, बल्कि लोगों के बीच अपनत्व, विश्वास और भाईचारे की भावना को भी प्रज्वलित रखती है। यह परंपरा बुजुर्गों की विरासत को सहेजने के साथ आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने का कार्य भी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

