home page

होटल की खिड़की से झील में गिरी दो वर्षीय बच्ची, मौत

 | 
होटल की खिड़की से झील में गिरी दो वर्षीय बच्ची, मौत


उदयपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। झीलों की नगरी घूमने आए दिल्ली के एक परिवार पर शनिवार सुबह दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिछोला झील किनारे स्थित जगत निवास होटल की दूसरी मंजिल से दो वर्षीय बच्ची खिड़की (गोखड़े) से फिसलकर झील में गिर गई। उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घंटाघर थाना पुलिस के अनुसार नई दिल्ली के फतेहपुर बेरी असोला निवासी सोनू सिंह तंवर अपनी पत्नी डॉ. मोनिका और दो वर्षीय पुत्री धीमही के साथ उदयपुर घूमने आए थे। शनिवार सुबह परिवार होटल की दूसरी मंजिल पर नाश्ता करने पहुंचा था। इसी दौरान माता-पिता के नाश्ता लेने के लिए आगे बढ़ते ही बच्ची पीछे से खिड़की के पास पहुंच गई और संतुलन बिगड़ने से झील में गिर गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने बच्ची को झील से बाहर निकालकर एमबी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन बेटी का शव एंबुलेंस से लेकर दिल्ली रवाना हो गए। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता