home page

'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत निकाली भव्य तिरंगा रैली

 | 
'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत निकाली भव्य तिरंगा रैली


जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)।

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत राजस्थान ललित कला अकादमी तथा राजस्थान सिंधी अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजन की शुरुआत तिरंगा रैली से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रध्वज थामकर देशप्रेम का संदेश दिया।

इस अवसर पर राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा परिसर में एक विशेष कला प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें 100 से अधिक स्कूली व कॉलेज विद्यार्थियों द्वारा 'हर घर तिरंगा' थीम पर तैयार की गई उत्कृष्ट पेंटिंग्स को प्रदर्शित किया गया। युवाओं की इन पेंटिंग्स में देश की अखंडता, संप्रभुता और तिरंगे के प्रति अगाध श्रद्धा स्पष्ट झलक रही थी।

कार्यक्रम में समाजीकरण और समावेशी कला को बढ़ावा देते हुए 'प्रयास' संस्था के विशेष बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। संस्था के बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीतों और नृत्य पर अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वहां मौजूद सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी।

इस संयुक्त आयोजन ने न केवल राष्ट्रीय पर्व के उत्साह को दोगुना किया, बल्कि कला, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का एक अनूठा उदाहरण भी पेश किया। कार्यक्रम के अंत में भाग लेने वाले सभी बाल कलाकारों व विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित