home page

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- लोकतंत्र की अर्थी निकाल दी, पेपर लीक पर मांगा जवाब

 | 
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- लोकतंत्र की अर्थी निकाल दी, पेपर लीक पर मांगा जवाब


अलवर, 23 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार और राजस्थान की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र की भावना को कमजोर किया जा रहा है।

जूली ने कहा कि छात्रों और युवाओं के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया जा रहा है, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने वालों के साथ भी सख्ती की जा रही है।

उन्होंने आराेप लगाते हुए कहा कि भूख हड़ताल, पैदल मार्च और विपक्ष द्वारा सवाल पूछने तक पर कार्रवाई हो रही है। जूली ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा छात्रों के मुद्दे उठाए हैं और सरकार से जवाब मांगा है। जूली ने कहा कि गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन करने वालों को जिस तरह हटाया गया, उससे ऐसा लगा मानो लोकतंत्र की अर्थी निकाल दी गई हो। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें प्रदर्शनकारियों को पत्थरबाज, विदेशी फंडिंग वाला और भाड़े का बताया गया था।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में बड़ी संख्या में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाएं समय पर नहीं हो रही हैं और युवाओं को वर्षों तक इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक रोकने के लिए सबसे सख्त कानून बनाया गया था, जिसमें 10 लाख से 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना और 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक का प्रावधान किया गया। वहीं केंद्र सरकार के कानून को उन्होंने अपेक्षाकृत कमजोर बताया।

जूली ने कहा कि पेपर लीक और भर्ती में देरी के कारण कई युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना था कि युवाओं की मेहनत और समय बर्बाद होने की जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए।

जूली ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन करने पर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। कांग्रेस छात्रों के समर्थन में उनके साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को जवाब देना चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार