home page

रणथंभौर में बाघिन दुर्गा और तीन शावकों ने किया नीलगाय का शिकार

 | 
रणथंभौर में बाघिन दुर्गा और तीन शावकों ने किया नीलगाय का शिकार


सवाई माधोपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। रणथंभौर टाइगर रिजर्व में रविवार सुबह पर्यटकों को एक बेहद रोमांचक और दुर्लभ दृश्य देखने को मिला। जोन नंबर-4 में बाघिन टी-2307 ‘दुर्गा’ अपने तीन शावकों के साथ नीलगाय का शिकार करती और उसे खाते हुए नजर आई।

अचानक बाघिन के पूरे कुनबे को एक साथ देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे।

कुछ क्षणों के लिए तो उनकी सांसें थम गईं, लेकिन बाद में इस अद्भुत नजारे को उन्होंने अपने कैमरों में कैद कर लिया। बैरदा वन क्षेत्र में पर्यटकों ने देखा कि बाघिन दुर्गा अपने तीनों शावकों के साथ पानी के पास बैठकर नीलगाय के शिकार का लुत्फ उठा रही थी। चारों एक साथ शिकार खाते नजर आए, जो वन्यजीव प्रेमियों के लिए बेहद खास पल रहा।

करीब चार साल की बाघिन दुर्गा, बाघ टी-121 और बाघिन टी-111 (शक्ति) की संतान है। हाल ही में उसने पहली बार तीन शावकों को जन्म दिया है और अब उन्हें जंगल में शिकार करने की ट्रेनिंग दे रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही उसकी मां बाघिन शक्ति को मगरमच्छ के बच्चे का शिकार करते हुए भी देखा गया था।

इस रोमांचक दृश्य को देखकर सफारी पर गए पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए। वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह अनुभव जीवनभर यादगार बन गया।

रणथंभौर में इस तरह के नजारे न केवल पर्यटन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि जंगल के प्राकृतिक जीवनचक्र और बाघों के व्यवहार को करीब से समझने का भी अवसर प्रदान करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित