home page

त्योहारों पर सुरक्षा चाक-चौबंद: छोटी चौपड़ से रामगंज तक पुलिस का पैदल मार्च

 | 
त्योहारों पर सुरक्षा चाक-चौबंद: छोटी चौपड़ से रामगंज तक पुलिस का पैदल मार्च


त्योहारों पर सुरक्षा चाक-चौबंद: छोटी चौपड़ से रामगंज तक पुलिस का पैदल मार्च


जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। आगामी त्योहारों, स्वतंत्रता दिवस और कांवड़ यात्रा को देखते हुए जयपुर शहर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील और प्रमुख बाजारों में एरिया डोमिनेशन के तहत पैदल गश्त की। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों और पुलिस जाब्ते ने छोटी चौपड़ से रामगंज तक पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। पुलिस की मौजूदगी का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ आमजन में सुरक्षा का भाव कायम करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। पैदल मार्च में डीसीपी उत्तर करण शर्मा के साथ अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर प्रथम) आलोक सिंघल, माणक चौक, कोतवाली और रामगंज के सहायक पुलिस आयुक्त तथा माणक चौक, कोतवाली, रामगंज और नाहरगढ़ थानाधिकारी मय पुलिस जाब्ता शामिल रहे। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। त्योहारों के दौरान परकोटे के व्यस्त बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश