राजस्थान के सात जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 19-20 मार्च को पूरे प्रदेश में असर
जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में बुधवार से एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 19 और 20 मार्च को लगभग पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है, इस दौरान कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव राजस्थान पर देखने को मिलेगा। इस सिस्टम के कारण प्रदेश में अगले तीन दिन तक मौसम में बदलाव बना रहेगा। मंगलवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदला रहा। कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और धूप कम निकली, जिससे तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और जोधपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
प्रदेश के कई जिलों जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, अजमेर, पाली, जयपुर, भरतपुर, दौसा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर, भीलवाड़ा और टोंक में बादलों का असर देखने को मिला। कोटा संभाग में भी दिनभर बादल छाए रहे। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि बाड़मेर में 36.9 और कोटा में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
वहीं श्रीगंगानगर में 28.5 और हनुमानगढ़ में 25.7 तापमान रहने से गर्मी का असर काफी कम रहा।
रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सीकर, चूरू, श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा, दौसा और पाली सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। सबसे कम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर (सीकर) में रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बुधवार से राज्य में इस नए सिस्टम का असर शुरू होगा। कई शहरों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 21 मार्च के बाद मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

