home page

आरयूबी निर्माण के कारण जोधपुर आने वाली तीन ट्रेनें प्रभावित

 | 
आरयूबी निर्माण के कारण जोधपुर आने वाली तीन ट्रेनें प्रभावित


-रेवाड़ी-जोधपुर एक्सप्रेस आंशिक रद्द, दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर सुपरफास्ट बदले मार्ग से चलेगी

जोधपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में कनीना खास-महेंद्रगढ़ स्टेशनों के मध्य समपार फाटक संख्या-98 पर रोड अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक के चलते 14 अक्टूबर को जोधपुर आने वाली कुछ ट्रेनों के संचालन में परिवर्तन किया गया है। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 14824, रेवाड़ी-जोधपुर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रेवाड़ी के स्थान पर लोहारू से संचालित होगी। इस कारण यह ट्रेन रेवाड़ी-लोहारू स्टेशनों के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 22421, दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर सुपरफास्ट 14 अक्टूबर को दिल्ली सराय रोहिल्ला से परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रिंगस-फुलेरा-डेगाना होकर संचालित होगी।

परिवर्तित मार्ग में यह ट्रेन नारनौल, नीम का थाना, रिंगस, फुलेरा, कुचामन सिटी तथा मकराना स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 22472,दिल्ली सराय रोहिल्ला-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को दिल्ली सराय रोहिल्ला से अपने निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से रवाना होगी।

भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान उमडऩे वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 15 से 26 जुलाई तक पुरी रेलवे स्टेशन पर पार्सल सेवा पर अस्थाई रोक लगाने का निर्णय लिया है। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार इस अवधि में पुरी स्टेशन से आने-जाने वाले सभी पार्सल (लीज और नॉन-लीज दोनों) की बुकिंग और ढुलाई बंद रहेगी। साथ ही विशेष ट्रेनों, एफटीआर कोच, आरसी खाते के कोच तथा निरीक्षण डिब्बों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।

रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि स्टेशन पर भीड़ का बेहतर प्रबंधन हो सके और रेल संचालन सुरक्षित व सुचारु बना रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश