home page

सालासर बालाजी से एक किलोमीटर पहले तीन श्रद्धालुओं की मौत

 | 
सालासर बालाजी से एक किलोमीटर पहले तीन श्रद्धालुओं की मौत


चूरू, 12 सितंबर (हि.स.)। सालासर बालाजी के दर्शन की आस लेकर पैदल निकले तीन श्रद्धालुओं की यात्रा मंदिर पहुंचने से महज एक किलोमीटर पहले सड़क हादसे में खत्म हो गई। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे किशनगढ़-संगारिया स्टेट हाईवे-7 पर अज्ञात वाहन ने तीनों युवकों को कुचल दिया। हादसे में नागौर जिले के जायल निवासी राजेश भार्गव (27), नटवर भार्गव (29) और विक्रम भार्गव (24) की मौत हो गई।

तीनों युवक 80 लोगों के साथ 10 सितंबर को जायल से सालासर बालाजी की पैदल यात्रा पर निकले थे।

पैदल यात्रा के दौरान शुक्रवार रात उनके साथी श्रद्धालु सालासर से करीब 11 किलोमीटर पहले गनेड़ी में आराम करने के लिए रुक गए थे। बताया गया कि तीनों युवक सालासर बालाजी में पहले पहुंचने के लिए रात में ही आगे निकल पड़े। इसी दौरान सालासर से करीब एक किलोमीटर पहले स्टेट हाईवे-7 पर अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तीन श्रद्धालुओं की मौत की खबर से यात्रा में शामिल लोगों में शोक छा गया।

सालासर थानाधिकारी शंकल लाल भारी ने बताया कि हादसे में राजेश भार्गव, नटवर भार्गव और विक्रम भार्गव की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास कर रही है।

जिन तीन युवकों ने सालासर बालाजी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा शुरू की थी, वे मंदिर पहुंचने से चंद कदम पहले ही हमेशा के लिए बिछड़ गए। हादसे ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और रात के समय राजमार्गों पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित