जहाजपुर में तीन नए कॉलेज खुले, लुहारी कलां को भी जगी उम्मीद
जयपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा को मजबूती देने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जहाजपुर क्षेत्र में तीन नए राजकीय महाविद्यालय खोले गए हैं।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक गोपीचन्द मीणा के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आने वाले समय में विद्यार्थियों की संख्या पर्याप्त होती है, तो ग्राम लुहारी कलां में भी नया राजकीय महाविद्यालय खोलने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल जहाजपुर का राजकीय महाविद्यालय लुहारी कलां से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित है।
उप मुख्यमंत्री ने सदन को जानकारी दी कि वर्तमान में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल चार राजकीय महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें राजकीय कन्या महाविद्यालय जहाजपुर में 143 छात्राएं, राजकीय महाविद्यालय कोटड़ी में 82 विद्यार्थी, राजकीय कृषि महाविद्यालय पीपलूंद में सात विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
विधायक गोपीचन्द मीणा के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में डॉ. बैरवा ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय जहाजपुर अपने नवनिर्मित भवन में संचालित हो रहा है, जबकि राजकीय कन्या महाविद्यालय जहाजपुर और राजकीय महाविद्यालय कोटड़ी के भवन वर्तमान में निर्माणाधीन हैं।
उप मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जिन राजकीय महाविद्यालयों में चारदीवारी नहीं है, वहां इसका निर्माण संसाधनों की उपलब्धता और आवश्यकता (गुणावगुण) के आधार पर किया जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल ग्राम पारोली में कन्या महाविद्यालय और लुहारी कलां में नए राजकीय महाविद्यालय खोलने का कोई प्रस्ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

