home page

कपड़ा फैक्ट्री में स्लज टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस से तीीन मजदूरों की मौत

 | 
कपड़ा फैक्ट्री में स्लज टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस से तीीन मजदूरों की मौत


बाड़मेर, 13 मार्च (हि.स.)। बालोतरा के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री के स्लज टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर और अस्पताल में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार दोपहर में लालजी वाला मिल्स नामक कपड़ा फैक्ट्री में गुमनाराम (25), विशंभर तिवारी (54) और श्रवण (32) निवासी बालोतरा स्लज टैंक की सफाई करने के लिए उतरे थे। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण तीनों मजदूर बेहोश हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री में मौजूद अन्य मजदूरों ने फैक्ट्री मालिक को सूचना दी और तीनों को टैंक से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें राजकीय नाहटा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए अस्पताल के बाहर सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि फैक्ट्री का मौका मुआयना किया गया है। प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस के कारण मजदूरों की मौत सामने आई है।

उन्होंने कहा कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतारा गया था। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम और डीएसपी जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शवों को मोर्चरी में शिफ्ट करवाया है। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से भी हादसे के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित