home page

140 करोड़ की 70 बीघा सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त

 | 
140 करोड़ की 70 बीघा सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त


जयपुर, 10 जून (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं अतिक्रमणों के विरुद्ध व्यापक अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में प्रवर्तन शाखा द्वारा बुधवार काे विभिन्न जोनों में बड़ी कार्रवाई कर लगभग 140 करोड़ रुपये की 70 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया तथा करीब 42 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर विकसित की जा रही तीन नवीन अवैध कॉलोनियों को प्रारम्भिक स्तर पर ही पूर्णतः ध्वस्त कर दिया गया।

उप महानिरीक्षक पुलिस एवं मुख्य प्रवर्तन अधिकारी आनन्द शर्मा ने बताया कि जोन-10 क्षेत्र में ग्राम गोविन्दपुरा उर्फ रोपाड़ा, सुमेल एवं बगराना में स्थित लगभग 70 बीघा बेशकीमती चरागाह सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इन स्थलों पर प्लॉटों की बाउंड्रीवाल, टीनशेडनुमा निर्माण, निर्माणाधीन ढांचे एवं अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीनों एवं मजदूरों की सहायता से हटाया गया। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 140 करोड़ रुपये है।

इसके अतिरिक्त जोन-12 के ग्राम सरना डूंगर में लगभग 10 बीघा, जोन-17 के ग्राम खोरा बिसल में लगभग 4 बीघा तथा जोन-19 के ग्राम बोराज, जोबनेर रोड पर लगभग 28 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर जेडीए की बिना स्वीकृति-अनुमोदन एवं बिना भू-रूपान्तरण के विकसित की जा रही नवीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। इन स्थलों पर बनाई गई मिट्टी-ग्रेवल की सड़कें तथा अन्य अवैध निर्माणों को हटाकर अवैध कॉलोनियां बसाने के प्रयासों को विफल किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश