आरपीए में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षकों को मिली आधुनिक पुलिसिंग की नई सीख
जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस में प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक आधुनिक, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए), जयपुर और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गांधीनगर (गुजरात) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय 'ट्रेनिंग नीड एनालिसिस' प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। 29 से 31 जुलाई तक आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस अकादमी के 42 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण आवश्यकताओं के वैज्ञानिक विश्लेषण, आधुनिक शिक्षण तकनीकों, प्रशिक्षण मॉड्यूल विकास, मूल्यांकन प्रणाली और क्षमता निर्माण से जुड़े विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में उप महानिरीक्षक पुलिस एवं अतिरिक्त निदेशक, राजस्थान पुलिस अकादमी शंकर दत्त शर्मा मुख्य अतिथि रहे। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के प्रो-वाईस चांसलर कल्पेश वांड्रा तथा डीन (एक्रेडिटेशन) अविनाश खरेल ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और पुलिस प्रशिक्षण के बदलते स्वरूप तथा गुणवत्ता सुधार के प्रयासों पर प्रकाश डाला।
शंकर दत्त शर्मा ने कहा कि सिस्टमैटिक ट्रेनिंग अप्रोच का सबसे महत्वपूर्ण आधार ट्रेनिंग नीड एनालिसिस है। प्रशिक्षण की आवश्यकताओं की वैज्ञानिक पहचान के बिना प्रभावी प्रशिक्षण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के साथ पुलिसिंग की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार लाएंगे।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श और अनुभव साझा किए। इससे प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणाम-केंद्रित बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त हुए। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन और राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक संजीव कुमार नार्जारी के निर्देशन में दोनों संस्थानों के बीच प्रशिक्षण, अनुसंधान और क्षमता निर्माण से संबंधित कई संयुक्त गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस निरीक्षक धीरज वर्मा को मिशन कर्मयोगी के तहत आयोजित पुलिस महानिदेशकों के सम्मेलन में सामुदायिक सहभागिता और सुरक्षा संबंधी अनुभव साझा करने के लिए राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय भेजा गया था। विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने राजस्थान पुलिस अकादमी के विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के अद्यतन और आधुनिकीकरण में भी सहयोग किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

