‘साधो! सबद साधना कीजे’ कार्यक्रम में तीन पुस्तकों का विमोचन
जयपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। शब्द ब्रह्म है और इसकी सत्ता हर जगह विद्यमान है। शब्द की साधना निरंतर होनी चाहिए और उसका उपयोग भी संयमित रूप से किया जाना चाहिए। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शारदा कृष्ण ने ‘साधो! सबद साधना कीजे’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शब्द साधना एक तरह का ज्ञान यज्ञ है और इस यज्ञ में स्वाध्याय ही सबसे बड़ा तप है।
राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति के सभागार में आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी में साहित्यकार अमरनाथ ‘अमर’ और भीम प्रकाश शर्मा ने कहा कि दूरदर्शन और आकाशवाणी जैसे प्रसार माध्यमों ने साहित्य को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन माध्यमों ने समाज में साहित्य के प्रति चेतना जाग्रत की।
वरिष्ठ पत्रकार महेश चंद्र शर्मा ने कहा कि साहित्य और पत्रकारिता में समय सीमा, संवेदनशीलता और अलंकृत भाषा का अंतर है। कार्यक्रम के दौरान पुस्तक विमोचन सत्र में लेफ्टिनेंट जनरल दलीप सिंह राठौड़ की ‘प्रतिरोध’, उषा राजश्री राठौड़ की ‘सोनचिड़ी’ और डॉ. इंदु झुनझुनवाला की ‘भला शब्दों में क्या रखा है’ पुस्तकों का विमोचन किया गया।
लेफ्टिनेंट जनरल दलीप सिंह राठौड़ ने अपनी पुस्तक ‘प्रतिरोध’ के बारे में बताया कि इसमें औरंगज़ेब के समय स्वामीभक्त वीर दुर्गादास राठौड़ के नेतृत्व में राजपूतों, मराठों और सिखों के सफल प्रतिरोध का उल्लेख किया गया है। उषा राजश्री राठौड़ ने ‘पर मरना मत’ सहित अन्य कविताओं का पाठ किया। वहीं डॉ. इंदु झुनझुनवाला ने सुनील शास्त्री के साथ हुई अपनी बातचीत और महिला विमर्श को पुस्तक का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कार्यक्रम में नाटक का मंचन और छंदमुक्त कविताओं का पाठ भी हुआ। इस अवसर पर व्यंग्यकार एवं नाटककार अशोक राही, विनोद जोशी, राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र बोड़ा, कल्याण सिंह शेखावत, राव शिवपाल सिंह, फारुख आफरीदी सहित साहित्यकार और पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमन द्विवेदी ने किया।
ग्रासरूट मीडिया फाउंडेशन के प्रमोद शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह ‘भाषा में लालित्य तत्त्व’ सहित अन्य प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श होगा। कार्यक्रम का आयोजन अभ्युदय अंतरराष्ट्रीय संस्था, राजस्थान फोरम और ग्रासरूट मीडिया फाउंडेशन ने राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति के सहयोग से किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

