home page

जनता का प्यार ही सबसे अनमोल: वसुंधरा राजे

 | 
जनता का प्यार ही सबसे अनमोल: वसुंधरा राजे


झालावाड़, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि जनता के लिए लड़ने के लिए कितनी भी दूर जाना पड़े, वह पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने कहा कि समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता, कभी अच्छा होता है तो कभी चुनौतीपूर्ण, लेकिन धन-दौलत से बढ़कर जनता का स्नेह और विश्वास होता है। जनता का प्यार मिलेगा तो समय अवश्य बदलेगा।

राजे ने शनिवार को झालावाड़ के बकानी से सांसद दुष्यंत सिंह की जनसंवाद पदयात्रा के तीसरे चरण का केसरिया झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बकानी सहित पूरा झालावाड़ जिला उनका परिवार है। उन्होंने आश्वस्त किया कि चार दिवसीय यात्रा के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी और जिले के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

राजे ने यात्रा के उद्देश्य पर बोलते हुए कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि चुनाव नहीं होने पर यात्रा का क्या अर्थ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस यात्रा के माध्यम से कुछ लेने नहीं, बल्कि केवल जनता का प्यार लेने आई हैं। उनका उद्देश्य सेवा और समर्पण है, और जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।

इस दौरान सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि जनसंवाद पदयात्रा आमजन से सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। अगले चार दिनों तक वे विभिन्न गांवों में पैदल भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। पदयात्रा बड़ाय, नैऊखेड़ी, जोड़ नानौर और देवर सहित कई गांवों में पहुंची, जहां ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

जनसंवाद कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता, इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण, तथा जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन जैसी समस्याएं उठाईं। हाल ही में तेज हवाओं और बारिश से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया।

इस पर सांसद सिंह ने अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

पदयात्रा के शुभारंभ से पूर्व बड़ाय स्थित खोयरा मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित