बीमारी के चलते अस्पताल में कैदी ने तोड़ा दम
अजमेर, 27 अगस्त(हि.सं)। अजमेर सेंट्रल जेल में सजा काट रहे एक कैदी की बीमारी के कारण आज सुबह जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में मौत हो गई। जेल प्रशासन ने इस संबंध में सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी है जिस पर सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की कार्यवाही में जुट गई है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने बताया कि पवनसुत कॉलोनी जयपुर रोड मीर शाह अली भोपों का बाड़ा निवासी नौरतन लाल सिंह उम्र 60 साल सेंट्रल जेल में बंद था जिसकी जेल में 21 अगस्त 2026 को तबीयत खराब हुई थी, उसे जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उसे अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भी रखा गया, जहां 27 अगस्त 2026 की सुबह उसकी मृत्यु हो गई। अस्पताल के मेडिकल जूरिस्ट चिकित्सक चिकित्सक की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने नियमानुसार कैदी की बॉडी का पोस्टमार्टम प्रथम श्रेणी के न्यायाधीश के समक्ष मेडिकल बोर्ड के द्वारा पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव उसके परिवारजनों को सौंपा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

