प्रांत विचार वर्ग में गूंजा स्वदेशी, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश
बीकानेर, 01 अगस्त (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच–बीकानेर प्रांत एवं बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रांत विचार वर्ग का सफल आयोजन मंडल परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति, उद्यमी, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल द्वारा स्वदेशी जागरण मंच के सभी पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत, अभिनंदन एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अजय जी पत्की (राष्ट्रीय सह संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच) ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन तथा भारतीय उत्पादों के उपयोग को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। यदि प्रत्येक नागरिक स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देगा तो देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि व्यापार एवं उद्योग जगत राष्ट्र की आर्थिक रीढ़ है तथा स्वदेशी को अपनाकर व्यापारी समाज देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए सरकार को सरल एवं उद्योग हितैषी नीतियां बनानी चाहिए, स्वदेशी उद्योगों के लिए प्रोत्साहन योजनाएं लागू करनी चाहिए तथा आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना चाहिए। इससे स्वदेशी अपनाओ अभियान को स्थायी मजबूती मिलेगी और देश का औद्योगिक विकास नई गति प्राप्त करेगा।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुभाष मित्तल, मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने भी विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान संदीप बुढ़ानिया ने चीन से प्रतिस्पर्धा करते हुए भारतीय स्वदेशी उद्योगों को सशक्त बनाने के उपायों पर अपने विचार व्यक्त किए। जनक प्रसाद हर्ष ने भारतीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग एवं स्वदेशी को जन-आंदोलन बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं नरेंद्र खत्री ने प्रत्येक जिला मुख्यालय पर स्वदेशी हेल्प डेस्क स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे स्थानीय उद्यमियों एवं उपभोक्ताओं को स्वदेशी उत्पादों से जोड़ने में सहायता मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण तथा राष्ट्रहित में स्वदेशी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन आदित्य बिश्नोई ने किया।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से राष्ट्रीय सह संयोजक अजय जी पत्की, राष्ट्रीय संयोजक (कृषि प्रकोष्ठ) भागीरथ जी चौधरी, प्रांत संयोजक (जोधपुर प्रांत) प्रमोद जी पालीवाल, प्रांत सहसंयोजक महेश जी श्रीमाली, राष्ट्रीय परिषद सदस्य समुंदर सिंह, प्रांत कोष प्रमुख परमेश जी अग्रवाल तथा बीकानेर महानगर संयोजक आदित्य बिश्नोई विशेष रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

