home page

सावन-तीज का उल्लास, लोक गीतों पर थिरकी महिलाएं

 | 
सावन-तीज का उल्लास, लोक गीतों पर थिरकी महिलाएं


जोधपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। शहर में इन दिनों सावन और तीज महोत्सव की धूम मची हुई है। कई स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है।

असुगी महिला मंडल की ओर से भदवासिया स्थित परिहार नगर के दरबार गढ़ गार्डन में हरियालो सावन-तीज त्यौहार जलसा महोत्सव मनाया गया। सावन की हरियाली और तीज के उल्लास से सजे इस आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। आयोजन समिति की सदस्य गीता राजपुरोहित एवं सुधा प्रजापति ने बताया कि महोत्सव के दौरान महिलाओं के मनोरंजन के लिए मिस एंड मिसेज प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर, विभिन्न फन गेम्स एवं रंगारंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अल्का थामेत ने बताया कि कार्यक्रम के समापन पर अतिथि जितेंद्र, नोनंद कंवर एवं प्रियंका ने मिस एंड मिसेज प्रतियोगिता की प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

वहीं मधुर वर्षा मंडली के तत्वावधान में पाल लिंक रोड स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर में सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। संस्था की गीता माछर ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में सोनाली सारडा ने सभी उपस्थित महिलाओं को तिलक लगाकर भावभीना स्वागत किया। उत्सव के दौरान सभी महिलाएं पारंपरिक रंग-बिरंगी लहरिया पोशाकों में सज-धज कर पहुंचीं। इस अवसर पर सामूहिक रूप से घेवर काटकर सावन उत्सव मनाया गया। समारोह में सुप्रसिद्ध गायिका गीता माछर के साथ पारुल मंत्री, राखी डागा, राजकुमारी कालानी, संगीता माथुर एवं पिंकी गट्टाणी ने सावन के लोकगीतों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं, जिस पर उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य और धमाल किया।माहेश्वरी समाज का दो दिवसीय सावन मेला 22 से

श्री माहेश्वरी समाज समिति पश्चिमी क्षेत्र जोधपुर के तत्वावधान में महिला उद्यमिता समिति 2026 सेवा-पहचान-उड़ान द्वारा 22-23 अगस्त को दो दिवसीय सावन मेला कमला नेहरू नगर स्थित माहेश्वरी भवन में सुबह 10 से रात्रि 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य आकर्षण तंबोला क्या बोला, जीतो इनाम खेल-खेल में, चटपटे व्यंजन इत्यादि कार्यक्रम रहेंगे।

कार्यक्रम प्रभारी सुनीता जैसलमेरिया ने बताया कि यह आयोजन संयोजिका मधु मूंदड़ा, समन्वयक अनीता कालाणी, मुख्य अतिथि डॉ. फूलकौर मूंदड़ा व ममता बाहेती एवं सक्रिय सहयोगी सुनीता के नेतृत्व में आयोजित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश