home page

विश्व साइकिल दिवस पर साइक्लोथॉन का हुआ आगाज

 | 
विश्व साइकिल दिवस पर साइक्लोथॉन का हुआ आगाज


जयपुर, 03 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बुधवार को सस्टेनेबल मोबिलिटी, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं साइक्लिंग संस्कृति विषय पर आयोजित विशेष टॉक शो के साथ एयू जयपुर साइक्लोथॉन-2026 अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, साइक्लिस्टों और फिटनेस प्रेमियों ने भाग लेकर साइक्लिंग को स्वस्थ, पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ परिवहन के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

यह पहल संस्कृति युवा संस्था, जयपुर रनर्स क्लब और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट (आईआईईएमआर) द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक एवं इटरनल हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एयू जयपुर साइक्लोथॉन-2026 के पोस्टर का विमोचन रहा।

पोस्टर का अनावरण जयपुर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच, डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज, संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, पूर्णिमा विश्वविद्यालय की निदेशक एवं प्रख्यात साइक्लिस्ट रेनू सिंघी, उत्तर पश्चिम रेलवे के शशि किरण, इटरनल हॉस्पिटल के वरिष्ठ महाप्रबंधक नितेश तिवारी, आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर जैन गोधा, आईआईईएमआर के निदेशक मुकेश मिश्रा, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के रीजनल हेड हिमांशु सारस्वत सहित अन्य अतिथियों ने किया।

योगेश दाधीच ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे अभियान सुरक्षित सड़कों और आपसी सम्मान की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीसीपी राजर्षि राज ने कहा कि साइक्लिंग फिटनेस के साथ अनुशासन और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को भी मजबूत करती है।

रेनू सिंघी ने साइक्लिंग के शारीरिक, मानसिक और पर्यावरणीय लाभों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं और युवाओं से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। वहीं नितेश तिवारी ने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम हैं और साइक्लिंग बेहतर स्वास्थ्य के लिए सरल एवं प्रभावी विकल्प है।

पं. सुरेश मिश्रा ने कहा कि एयू जयपुर साइक्लोथॉन अब फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का जनआंदोलन बन चुका है। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर जैन गोधा ने इसे सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाला अभियान बताया।

आईआईईएमआर के निदेशक मुकेश मिश्रा ने बताया कि 3 से 7 जून तक चलने वाले अभियान के तहत 5 जून को मेगा पौधारोपण अभियान, 6 जून को बिब एक्सपो एवं साइक्लिंग अवॉर्ड्स समारोह तथा 7 जून को भव्य एयू जयपुर साइक्लोथॉन-2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों साइक्लिस्ट, विद्यार्थी, फिटनेस प्रेमी और नागरिक भाग लेंगे।

रेडियो जॉकी आरजे मोहित के संचालन में आयोजित कार्यक्रम का समापन साइक्लिंग संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने जयपुर को अधिक स्वच्छ, हरित और सक्रिय शहर बनाने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश