उत्तरी हवाओं से गिरा प्रदेश के शहरों का पारा, अप्रेल के प्रथम सप्ताह में फिर बढ़ेगा

जयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तरी हवाएं चलने से प्रदेश के शहरों के पारे में गिरावट आई है। इससे आमजन को तेज गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश में दिन के तापमान में 7 और रात के तापमान में 9 डिग्री तक की गिरावट आई है। दो शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। आगामी कुछ दिन और पारे में गिरावट का दौर जारी रहेगा। इसके बाद अप्रेल के प्रथम सप्ताह में पारे में उछाल आने लगेगा। 9.8 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। प्रदेश के श्रीगंगानगर के दिन के पारे में 7 और पाली के रात के पारे में 9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में फिर से प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। अप्रेल के प्रथम सप्ताह के दौरान तापमान में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। द्वितीय सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने तथा अधिकांश भागों में सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज होने की संभावना है। प्रथम सप्ताह के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम दर्ज होने की संभावना है। द्वितीय सप्ताह के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने की संभावना है।
3 डिग्री गिरा जयपुर का पारा
उत्तरी हवाओं के असर से जयपुर के पारे में गिरावट आई है। जयपुर के दिन के पारे में 3.6 और रात के पारे में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में जयपुर के पारे में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश