home page

सूरज बरसा रहा अंगारे, बाड़मेर बना भट्टी, पांच शहर 45 पार

 | 
सूरज बरसा रहा अंगारे, बाड़मेर बना भट्टी, पांच शहर 45 पार


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। प्रदेश में आसमान में से अंगारे बरस रहे है और प्रदेशवासियों का गर्म हवाओं से हाल बेहाल है। लू के थपेड़े से आमजन के साथ पशु-पक्षी निढाल हो रहे है। बाड़मेर भट्टी तरह तपा और यहां का अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री पहुंच गया। प्रदेश के पांच शहरों का दिन का पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। आगामी समय में पश्चिम राजस्थान के शहरों के पारे में उछाल आने व पूर्वी राजस्थान के पारा सामान्य के आस-पास रहने की संभावना है।

प्रदेश के शहरों के दिन के तापमान में 6 और रात के तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अलवर में मंगलवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पांच शहरों का दिन का पारा 45 और रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। बाड़मेर के अलावा फलौदी, जैसलमेर, चित्तौडग़ढ़ और बीकानेर का पारा 45 डिग्री से अधिक रहा। प्रदेश के 10 शहरों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार रहा। प्रदेश में बाड़मेर का दिन और 34 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रहे। फलौदी के अलावा जोधपुर, बीकानेर, नागौर और जालोर का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को राज्य में कहीं कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई। सोमवार को सर्वाधिक वर्षा कोटकासिम (अलवर) में 15.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सिरोही में दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में आगामी दिनों में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 5-7 दिन हीटवेव व ऊष्णरात्री दर्ज होने की प्रबल संभावना है। वर्तमान में दक्षिण-पक्षिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री के मध्य दर्ज किया जा रहा है। राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधितम तापमान में आगामी दिनों में हल्की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। दक्षिण-पूवी भागों में भी आगामी 5-7 दिनों में कहीं-कहीं हीटवेव, ऊष्णरात्री दर्ज होने की संभावना है। आगामी 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगजतन के साथ आंधी ( 40-50 किमी प्रतिघंटा) व हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। राज्य में आगामी दिनों में कहीं कहीं धूलभरी झोकेदार हवाएं (20-30 किमी प्रतिघंटा) चलने की सम्भावना है।

जयपुर में गर्मी ने उग्र रुप धारण कर लिया है। तेज धूप और गर्म हवाओं से आमजन के साथ पशु-पक्षियों को सताया। जयपुर के दिन के तापमान में 3.3 और रात के तापमान में 0.9 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 43.2 और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि मंगलवार को जयपुर में दिनभर छितराए बादल नजर आए और गर्म हवाएं चली। बुधवार को जयपुर का मौसम बदल सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ हवाएं चल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश