home page

तकनीकी कार्य के कारण जोधपुर-भोपाल की 4 ट्रेनें प्रभावित

 | 
तकनीकी कार्य के कारण जोधपुर-भोपाल की 4 ट्रेनें प्रभावित


जोधपुर, 23 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन डालने तथा बिना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के लिए लिए जाने वाले ब्लॉक के कारण अक्टूबर के पहले पखवाड़े में जोधपुर-भोपाल के बीच चलने वाली दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कार्य के चलते ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि प्रभावित ट्रेनों में भगत की कोठी-तिरुच्चिरापल्ली हमसफर साप्ताहिक सुपरफास्ट और भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उपरोक्त काम के चलते ट्रेन संख्या 20482 तिरुच्चिरापल्ली-भगत की कोठी हमसफर साप्ताहिक सुपरफास्ट 3 एवं 10 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग भोपाल-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-नागदा-सवाईमाधोपुर होकर भगत की कोठी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 20481 भगत की कोठी-तिरुच्चिरापल्ली हमसफर सुपरफास्ट 7 एवं 14 अक्टूबर को सवाईमाधोपुर-कोटा-नागदा-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-भोपाल होकर संचालित होगी। इसी तह ट्रेन संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 1 से 15 अक्टूबर तक भोपाल-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-नागदा-कोटा होकर चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 1 से 14 अक्टूबर तक कोटा-नागदा-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-भोपाल होकर संचालित होगी। इसके अतिरिक्त ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 24 से 30 सितंबर तक 7 ट्रिप में बीना स्टेशन पर निर्धारित 10 मिनट के बजाय 2 मिनट ही ठहरेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश