home page

परिवारजन के नाम से वृक्षारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें

 | 
परिवारजन के नाम से वृक्षारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें


अजमेर, 7 जुलाई(हि.स.)। जिला एवं सत्र न्यायाधीश विक्रांत गुप्ता ने कहा कि सभी न्यायिक अधिकारीगण व अधिवक्तागणों को अपने जन्मदिवस पर अपने परिवारजन के नाम से वृक्षारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश विक्रांत गुप्ता मंगलवार को कोर्ट परिसर में लोक अभियोजक एवं राजकीय अभिभाषक जयप्रकाश शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर न्यायालय परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश हमारे पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करना है, पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं और वर्तमान समय में अधिक से अधिक पौधे लगाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है, उन्होंने यह भी कहां कि हमें न केवल पौधे लगाने हैं बल्कि इन सभी पेड़ों के संरक्षण और देखभाल का भी पूरा दायित्व निभाना है।

लोक अभियोजक एवं राजकीय अभिभाषक जे.पी. शर्मा ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम लगाना हमारे लिए एक पर्यावरणीय कार्य मात्र ही नहीं बल्कि यह एक भावनात्मक और नैतिक कर्तव्य भी है, जिस प्रकार माँ जीवन देती है उसी प्रकार एक वृक्ष भी हमें शुद्ध वायु, छाया व जीवनदायिनी आक्सीजन देता है, साथ ही नवाचार के रूप मे अल्पाहार में जामुन और खजूर खिलाकर उनके बीज को मिट्टी में संग्रहित कर प्रकृति व बीज संरक्षण का संदेश दिया।

सभी ने मिलकर वृक्षारोपण कर जागरुकता का संदेश दिया। सभी न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण व कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया तथा विभिन्न प्रकार के औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया, कार्यक्रम ने पर्यावरणीय चेतना को भावनात्मक स्पर्श प्रदान किया। यह वृक्षारोपण कार्यक्रम एक सशक्त संदेश है कि प्रकृति की सेवा और मातृत्व का सम्मान साथ–साथ चल सकते हैं। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित और अधिक सतत भविष्य को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रमन शर्मा, जिला बार एसोसिएशन सदस्य सहित सभी न्यायिक अधिकारी राजकीय अभिभाषकगण व अधिवक्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष