home page

सोलर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और गोबर गैस अपनाने का आह्वान, जयपुर में ऊर्जा संरक्षण अभियान का शुभारम्भ

 | 
सोलर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और गोबर गैस अपनाने का आह्वान, जयपुर में ऊर्जा संरक्षण अभियान का शुभारम्भ


जयपुर, 28 मई (हि.स.)। बढ़ती ऊर्जा जरूरतों और वैश्विक संकट के दौर में आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए ऊर्जा संरक्षण को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए स्वदेशी जागरण मंच ने जनजागरण का बिगुल फूंका। स्वदेशी जागरण मंच जयपुर सांगानेर महानगर द्वारा आयोजित एक दिवसीय विचार वर्ग में ऊर्जा संरक्षण, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को लेकर व्यापक मंथन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन सांगानेर स्थित जीडी इंटरनेशनल स्कूल में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच के राजस्थान क्षेत्र समन्वयक लोकेंद्र सिंह नरूका ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया ऊर्जा संकट का सामना कर रही है। कई देश गैस, पेट्रोल और ऊर्जा संसाधनों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर हैं। ऐसे समय में भारत को आत्मनिर्भर बनने के लिए ऊर्जा संरक्षण की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है। यदि प्रत्येक व्यक्ति बिजली, गैस और पेट्रोल की खपत कम करने का संकल्प ले तो देश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकता है।

लोकेंद्र सिंह नरूका ने कहा कि आज सोलर ऊर्जा, गोबर गैस, पवन ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और इंडक्शन चूल्हों जैसे वैकल्पिक साधनों को अपनाना समय की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में ऊर्जा की बचत को आदत बनाएं।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच ऊर्जा संरक्षण को लेकर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान भी चला रहा है, ताकि आमजन को ऊर्जा बचत के महत्व से जोड़ा जा सके।

विचार वर्ग में स्वदेशी जागरण मंच की विकास यात्रा पर भी चर्चा हुई।

वक्ता सुदेश सैनी ने “स्वदेशी विकास यात्रा” विषय पर अपने विचार रखते हुए बताया कि दत्तोपंत ठेंगड़ी द्वारा 22 नवंबर 1991 को स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा कि मंच लगातार आर्थिक स्वावलंबन, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और राष्ट्रहित के आर्थिक विषयों पर जनजागरण का कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में प्रांत समन्वयक दिनेशचंद्र शर्मा ने ऊर्जा संरक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं प्रांत पूर्णकालिक पंकज सैनी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को ऊर्जा संरक्षण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में लोगों ने ऊर्जा बचत और स्वदेशी जीवनशैली अपनाने का संकल्प किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जीडी इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक गजानन शर्मा ने की। मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता महेश चंद्र गुप्ता रहे, जिन्होंने स्वदेशी और स्वावलंबन पर अपने प्रभावी विचार रखे। जयपुर महानगर संयोजक शंभू सिंह राजावत ने जयपुर शहर में ऊर्जा संरक्षण जनजागरण अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का आह्वान किया।

विचार वर्ग में स्वदेशी जागरण मंच के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें ओमप्रकाश कुमावत, पंकज सैनी, योगेंद्र सिंह नरूका, विनय शर्मा, जितेंद्र शर्मा, सतवीर त्यागी, चेतन सैनी, वीणा परिहार और गौरव बांसरे सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित