home page

उदयपुर में 1600 लीटर संदिग्ध दूध से भरा टैंकर पकड़ा

 | 
उदयपुर में 1600 लीटर संदिग्ध दूध से भरा टैंकर पकड़ा


उदयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने उदयपुर में कार्रवाई तेज कर दी है। मुखबिर की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार सुबह सेक्टर-8 स्थित जड़ाव नर्सरी के पास घेराबंदी कर दूध से भरे एक टैंकर को रुकवाकर जांच की। कार्रवाई में टैंकर से करीब 1600 लीटर संदिग्ध दूध बरामद किया गया। दूध के अमानक पाए जाने पर उसे नष्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अशोक आदित्य और फूड इंस्पेक्टर अशोक गुप्ता की टीम ने मौके पर टैंकर चालक से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि टैंकर के दो अलग-अलग कंपार्टमेंट में दूध भरा हुआ था। एक हिस्से में करीब 500 लीटर और दूसरे हिस्से में करीब 1100 लीटर दूध मौजूद था।

स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि शहर में कम फैट वाला और मिलावटी दूध खपाने के लिए लाया जा रहा है। टीम ने मौके से दूध के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए सरकारी लैब भेज दिया। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही दूध की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि चितौड़गढ़ से आया यह दूध उदयपुर शहर की किन-किन डेयरियों में सप्लाई किया जाना था। त्योहारों के दौरान दूध, मावा और मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण विभाग ने निगरानी बढ़ाई है।

सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने कहा कि आमजन की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता