home page

शराब की दुकान पर युवक की संदिग्ध मौत से बवाल

 | 
शराब की दुकान पर युवक की संदिग्ध मौत से बवाल


झुंझुनू, 26 जून (हि.स.)। जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के उरीका गांव में संचालित एक अवैध शराब की दुकान पर युवक की संदिग्ध मौत के बाद शुक्रवार को पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने उरीका से हरियाणा के सतनाली जाने वाले मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद सूरजगढ़ थाना प्रभारी रणजीत सेवदा की समझाइश पर परिजन और ग्रामीण राजी हुए। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।

अब शनिवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक की पहचान संजय सिंह नायक के रूप में हुई है।

मृतक के भाई संदीप ने बताया कि शुक्रवार दोपहर गांव में संचालित अवैध शराब की दुकान के संचालक ने संजय को मजदूरी के लिए बुलाया था। कुछ समय बाद सूचना मिली कि संजय शराब की दुकान के पास मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर पहले दुकान संचालक ने संजय के साथ मारपीट की। इसके बाद कथित रूप से उसे हरियाणा से लाई गई जहरीली शराब पिलाई गई जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद अवैध शराब की दुकान बंद मिली और आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बंद दुकान का ताला तोड़कर अंदर जांच की। पुलिस ने दुकान से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।

घटना से नाराज ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से तीन अवैध शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं। कई बार शिकायतें करने के बावजूद इनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की इसी लापरवाही का परिणाम आज एक युवक की मौत के रूप में सामने आया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, गांव में संचालित सभी अवैध शराब की दुकानों को बंद कराने, मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। उरीका से हरियाणा के सतनाली जाने वाला मार्ग पूरी तरह जाम हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूरजगढ़ थाना प्रभारी रणजीत सेवदा पुलिस जाब्ते के साथ लगातार ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता करते रहे। करीब पांच घंटे तक चली समझाइश के बाद सीआई सेवदा ने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण प्रदर्शन समाप्त करने पर सहमत हो गए। समझौते के बाद पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मौत के कारणों सहित पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश