home page

आरपीएससी चेयरमैन का दावा: राजस्थान में अब पेपर लीक नहीं होने देंगे

 | 
आरपीएससी चेयरमैन का दावा: राजस्थान में अब पेपर लीक नहीं होने देंगे


जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। देशभर में पेपर लीक की घटनाओं के बीच राजस्थान लोक सेवा आयोग भर्ती परीक्षाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल केसरी सिंह ने रविवार को जूनियर लॉ ऑफिसर (जेएलओ) भर्ती परीक्षा के दौरान पहली बार स्वयं जयपुर के चार परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने दावा किया कि अक्टूबर 2023 में आयोग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से राजस्थान लोक सेवा आयोग की किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी राजस्थान में पेपर लीक नहीं होने दिया जाएगा और इसके लिए आयोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।

जयपुर में जेएलओ भर्ती परीक्षा 53 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। 12 पदों के लिए 13,245 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा दो दिन रविवार और सोमवार को आयोजित हो रही है। केसरी सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से परीक्षा का बेहतर संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि कहीं कोई तकनीकी खामी या व्यवस्था संबंधी कमी हो तो उसे तुरंत दूर किया जा सके। आयोग का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में परीक्षा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि आयोग के भीतर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं और शीर्ष नेतृत्व की स्पष्ट मंशा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाया जा रहा है तथा हर सात दिन में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर संभावित कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जाता है।

आरपीएससी अध्यक्ष ने कहा कि पेपर लीक कराने वाले गिरोह अब ब्लूटूथ, माइक्रो डिवाइस और अन्य आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे प्रयासों को विफल करने के लिए आयोग लगातार सुरक्षा तंत्र को अपडेट कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई अधिकारी और कर्मचारी अपनी छुट्टी के दिन भी अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। परीक्षा पूरी होने के बाद परिणाम भी जल्द से जल्द जारी करने का प्रयास किया जाएगा।

रविवार को केसरी सिंह ने जयपुर के माणक चौक, झोटवाड़ा, गांधीनगर और गणगौरी बाजार स्थित सरकारी विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित